जालौन जिले के कोंच में कैलिया थाना क्षेत्र के गांव ब्यौना राजा में एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में बुधवार को आग से झुलस गई थी। महिला की गुरुवार को झांसी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम ब्यौना राजा निवासी जगत सिंह की 24 वर्षीय पत्नी कौशल्या बुधवार की दोपहर घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलस गई थी। परिजनों से सूचना मिलने पर थाना पुलिस उसे उपचार के लिए सीएचसी कोंच ले गई। वहां प्राथमिक उपचार देकर चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया था। परिजन उसे इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज लेकर गए थे, वहां उसका इलाज चल रहा था। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार कौशल्या की गुरुवार सुबह साढ़े दस बजे मौत हो गई।