जालौन जिले के आटा थाना क्षेत्र में कानपुर झांसी रेलवे लाइन पर एक युवक का शव खंदक में पड़ा मिला। वहीं एक युवक गंभीर हालत में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल युवक को उरई अस्पताल भेजा जहां हालत गंभीर होने पर झांसी रेफर कर दिया गया।
आटा कस्बा निवासी लालता प्रसाद के इकलौते पुत्र जसवंत (30) का शव रेलवे ट्रैक के पास खंदक में पड़ा मिला। शव के पास एक रस्सी भी मिली। पुलिस को घसीटने के निशान भी मिले हैं। परिजनों को शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि आपका बेटा रेलवे ट्रैक के पास पड़ा है। परिजनों ने जब मौके पर जाकर देखा तो कोहराम मच गया। शव के पास ही कस्बा के ही सुरेश का बेटा अमित (32) घायल पड़ा था।
जिसे पुलिस ने रात को ही उरई अस्पताल भेज दिया। जसवंत के पिता लालता प्रसाद ने पुलिस को बताया कि बेटा बिजली फिटिंग का काम करता था। जिसे गांव के ही चार लड़कों ने रेलवे ट्रैक के पास ले जाकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।