नगर पंचायत कार्यालय में हंगामा करते किसान
- फोटो : अमर उजाला
जालौन जिले के कदौरा में अन्ना मवेशियों ने कदौरा और बागी मौजा गांवों के किसानों की तकरीबन 50 बीघा से अधिक गेहूं और मटर की फसल रौंद डाली। किसानों ने एकजुट होकर मवेशियों को भगाया। फसल नष्ट होने से नाराज 100 से अधिक किसानों ने नगर पंचायत कार्यालय का घेराव कर हंगामा किया।
चेयरमैन व ईओ ने किसानों को समझा कर शांत कराया। किसानों का उग्र रूप देखकर कार्यालय में मौजूद कर्मचारी भाग गए। किसान उमाकांत तिवारी, अखलेश कुमार, शिवराम, गंगा, ललित यादव, सुभाष सिंह आदि ने बताया कि अन्ना मवेशियों ने गेहूं और मटर की 50 बीघा से अधिक फसल नष्ट कर दी है।
कई बार नगर पंचायत के जिम्मेदारों से शिकायत भी कि लेकिन, उन्होंने सुनवाई नहीं की। नगर पंचायत कार्यालय में किसानों के हंगामा करने की सूचना पर चेयरमैन मोहम्मद जमीर आलम और प्रभारी ईओ पवन किशोर पहुंचे। इन लोगों ने आक्रोशित किसानों को शांत करया।
अन्ना मवेशियों को गोशाला में बंद करवाने का आश्वासन दिया। चेयरमैन ने कहा कि नगर में छुट्टा घूम रहे मवेशियों को गोशाला में बंद किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से गोशाला में भूसा दान करने की अपील भी की। इस दौरान करीब चार घंटे नगर पंचायत कार्यालय में गहमागहमी बनी रही।