कट मारकर भाग रहे ट्रक को पकड़ा
- फोटो : अमर उजाला
बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार दोपहर वाहनों की चेकिंग के दौरान ट्रक चालक ने एआरटीओ के वाहन (बोलेरो) में टक्कर मारने का प्रयास किया। वह बाल-बाल बच गए। ट्रक को सीज कर दिया गया है। चालक और खलासी मौके से भाग गए। चालक के खिलाफ तहरीर दी जा रही है।
एआरटीओ विनय कुमार पांडेय एक्सप्रेस-वे पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चला रहे थे। इस दौरान उन्होंने मौरंग लादकर जा रहे ओवरलोड ट्रक को रोकने का प्रयास किया। चालक कट मारकर ट्रक को भगा ले जाने लगा। उसने एआरटीओ के वाहन में भी टक्कर मारने का प्रयास किया।
एआरटीओ ने दूसरे ट्रक से पीछा कर घटना करने वाले ट्रक को पकड़ लिया। उधर, चेकिंग के दौरान टीम ने यातायात नियमों के उल्लंघन में एक बस, दो ओवरलोड ट्रकों को पकड़ लिया। 20 वाहनों पर जुर्माना लगाया गया है। एआरटीओ ने बताया कि चेकिंग के दौरान मौरंग लदे ओवरलोड ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया। टक्कर मारने का प्रयास करने वाले ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए थाने में तहरीर दी जाएगी।