कानपुर। स्मार्ट मीटर तेज चलने की उपभोक्ताओं की भ्रांतियां दूर करने के लिए गुरुवार को केस्को ने नौबस्ता में चेक मीटर जांच कराई। यहां 12 उपभोक्ताओं के परिसर पर स्मार्ट मीटरिंग प्रोजेक्ट के तहत मेसर्स जीनस ने चेक मीटर लगाकर जांच की। दोनों ही मीटरों में दर्ज खपत समान मिली। कोई भी स्मार्ट मीटर तेज नहीं चल रहा था और चेक मीटर में बराबर एनर्जी रिकॉर्ड हुई। केस्को के मीडिया प्रभारी देवेंद्र वर्मा ने बताया कि आवास विकास कॉलोनी, हंसपुरम नौबस्ता में रेखा, सौम्या मिश्रा, शिवकांत, मंजू रघुवंशी, प्रभा गौतम, शकुंतला देवी, चंद्र किरन, सपना गुप्ता के परिसर में दोनों ही मीटरों की यूनिट समान मिली। इसी क्षेत्र में ममता सविता के यहां समान्य मीटर से चेक किया गया। पुराने मीटर में 1078 जबकि नए स्मार्ट मीटर में 1072 यूनिट आई। इस तरह पुराने मीटर से छह यूनिट कम मिली। संवाद