इटावा। मध्यप्रदेश व राजस्थान में इनामिया बदमाश ने बढ़पुरा क्षेत्र के मानिकपुर मोड़ पर चेकिंग के दौरान दरोगा के पर फायर कर दिया। दरोगा ने कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने बदमाश के पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक तमंचा, छह कारतूस व एक बाइक बरामद की गई।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मंगलवार रात बढ़पुरा पुलिस यमुना पुल से मानिकपुर मोड़ बाईपास रोड पर वाहनों की कर रही थी। उदी की ओर से एक बिना नंबर प्लेट लगी बाइक आती हुई दिखाई दी। इसे पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार मानिकपुर मोड़ की तरफ भागने लगा।
पुलिस ने पीछा करके बाइक सवार को घेर लिया। खुद को घिरता देख बाइक सवार बदमाश ने सामने खड़े दरोगा महेश कुमार पाठक पर फायर कर दिया। दरोगा ने कूदकर अपनी जान बचा ली। उसी दौरान पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम सतीश गुर्जर निवासी मौरोली गांव थाना कोतवाली जिला धौलपुर राजस्थान बताया। तलाशी में उसके पास से एक तमंचा, छह कारतूस व बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की गई। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसएसपी ने बताया कि राजस्थान के धौलपुर कोतवाली में व मध्य प्रदेश के मुरैना थाना सराय छोला में जानलेवा हमले के मामले में बदमाश पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित है। मध्य प्रदेश व राजस्थान में बदमाश पर कुल छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।