कानपुर। प्रमुख सचिव और कोविड 19 कानपुर के नोडल अधिकारी नितिन रमेश गोकर्ण ने शनिवार को कोरोना वायरस से लड़ने के लिए प्रशासन की तरफ से की गई तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस को खत्म करने के लिए रैपिड टेस्ट (कम समय मे ज्यादा परीक्षण) की योजना बनाई गई है। जिससे कम समय में ज्यादा से ज्यादा लोगों का कोरोना टेस्ट कराकर पूरी चेन का पता लगाया जा सके। तभी इसको बढ़ने से रोका जा सकेगा।नोडल अधिकारी ने बताया कि महानगर में कोरोना पॉजिटिव के मरीज ज्यादातर हॉटस्पॉट एरिया में ही आ रहे हैं। ऐसे में यहां घर-घर सर्वे करके यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि जो भी पॉजिटिव आए हैं, वह किसके संपर्क में रहे हैं।जिससे उन सभी का टेस्ट कराकर उन्हें जरूरत के हिसाब से क्वॉरेंटाइन किया जा सके। इस दौरान नोडल अधिकारी ने नगर निगम में बनाए गए केंद्रीय कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन वितरण की व्यवस्था के विषय में अधिकारियों से जानकारी ली। निर्देश दिया कि जो भी भोजन जरूरतमंद लोगों को दिया जा रहा है उसका रोजाना परीक्षण जरूर हो। उसकी गुणवत्ता कैसी है इस पर विशेष फोकस करने को कहा है। उन्होंने कोरोना के अलावा दूसरे रोग से परेशान मरीजों को चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए भी जिला अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मरीजों के लिए अलग से हेल्पलाइन नंबर और कंट्रोल रूम में व्यवस्था की जाए। जिससे लोग घर बैठे ही अपनी परेशानी बता सके और उन्हें उचित इलाज भी मिल सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हॉटस्पॉट एवं अन्य क्षेत्रों में सोशल डिस्टेंसिंग को बनाए रखने तथा संक्रमण से बचाव हेतु टेस्टिंग की संख्या को बढ़ाए जाने के संबंध में जोर दिया। निरीक्षण के दौरान एडीजी जय नारायण सिंह , जिलाधिकारी डॉ ब्रह्मदेव राम तिवारी , डीआईजी अनंत देव ,नगर आयुक्त अक्षय त्रिपाठी , मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे l