कानपुर। फजलगंज में निर्माणाधीन टूल रूम का निरीक्षण सांसद सत्यदेव पचौरी ने सोमवार को किया। एक साल पीछे चल रहे टूल रूम के निर्माण को लेकर सांसद ने विभागीय अधिकारियों को जमकर खरी खोटी सुनाई। निर्देशित किया कि अब युद्ध स्तर से काम करते हुए इसी वित्तीय वर्ष में टूल रूम का निर्माण पूरा कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि टूल रूम में एक साथ 5000 लोगों को प्रशिक्षित किया जा सकता है। इससे कानपुर के उद्योगों के अलावा प्रदेश और इसके आसपास के राज्यों के उद्योगों को प्रशिक्षित कामगार मिलेंगे। उनका कहना है कि लॉकडाउन के दौरान जिस तरह से प्रवासी श्रमिक कामकाज छोड़कर अपने घर वापस आ गए हैं, उनको प्रशिक्षित करने में टूल रूम की भूमिका काफी महत्वपूर्ण हो सकती है। इसलिए इसका निर्माण इस वर्ष के अंत तक पूरा होना आवश्यक है। सांसद ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वकांक्षी योजना टूल रूम का निर्माण 2019 में पूरा होना था लेकिन कुछ अड़चनों की वजह से इस में दिक्कत आ गई। उसके बाद लाक डाउन हो गया। अब फिर से इसमें तेजी से काम कराया जा रहा है। टूल रूम के प्रभारी निदेशक एलबीएस यादव ने बताया कि अनलाक होने के साथ ही यहां पर निर्माण का काम तेजी से शुरू करा दिया गया है।