राजपुर। सट्टी थाना क्षेत्र के अफसरिया की मड़ैया में शुक्रवार को तीसरी मंजिल से गिरकर घायल हुए राजमिस्त्री की देर रात को हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। शनिवार देर शाम शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।
अफसरिया निवासी आरिफ (25) राजमिस्त्री का कार्य करता था। शुक्रवार को आरिफ प्रधान मुकेश कुमार के निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल में प्लास्टर कर रहा था। अचानक पैर फिसलने से वह तीसरी मंजिल से जमीन पर आ गिरा। मकान मालिक उसे घायल हालत में पीएचसी राजपुर ले गए। वहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल की जगह हैलट कानपुर ले गए। वहां उपचार के दौरान देर रात को उसने दम तोड़ दिया। शनिवार देर शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पिता पीर मोहम्मद, मां नसीमा, भाई मक्कू, बहन अलीजा व चांदनी रो- रोकर बेहाल हो गए। पिता पीर मोहम्मद ने बताया कि बेटा अविवाहित था। उसकी कमाई से परिवार का गुजारा होता था। थाना प्रभारी शिवशंकर सिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में है। परिजन की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।