कानपुर। बिठूर थानाक्षेत्र में जीटी रोड नारामऊ के पास बुधवार शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से होरा कछार निवासी मजदूर वासुदेव राजपूत घायल हो गए। ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर कार सवार घायल वासुदेव को मंधना की तरफ कार से ले गए। इसके बाद पता नहीं चला। वासुदेव के बेटे अवधेश ने बताया कि कहीं पता नहीं चलने पर गुरुवार को मंधना चौकी में अपहरण की आशंका जताकर मौखिक सूचना दी। पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि एक सफेद रंग की हरियाणा नंंबर की कार आईआईटी गेट फिर मोतीझील के पास दिखी है। कार नंबर के आधार पर चौकी प्रभारी मंधना सौरभ प्रताप सिंह ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के माध्यम से 100 सीसी कैमरों से जानकारी जुटाई तो पता चला कि कार सवारों ने घायल को हैलट में भर्ती कराया था। परिजन हैलट पहुंचे तो वहां वासुदेव की मौत की जानकारी हुई और शव अज्ञात में मोर्चरी में रखवा दिया गया था। बिठूर इंस्पेक्टर प्रेमनारायण विश्वकर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। (संवाद)