कानपुर। टेनरियों के संचालन को लेकर सोमवार तक कुल 187 टेनरी संचालकों ने घोषणा पत्र भरा है। इन सभी घोषणा पत्रों को इसके लिए नामित किये गये जिला उद्योग केंद्र में पांच बजे से पहले तक जमा भी करा दिया गया है। अब केंद्र की तरफ से इन पत्रों को जिला प्रशासन के पास भेजा जाएगा। इसके बाद ही तय होगा कि टेनरियाँ खोली जाए या नही। यह भी पता चला है कि टेनरियों को खोलने के मामले में राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पर्यावरण मंत्रालय की भी मंजूरी जरूरी होगी। इसलिए इन सभी घोषणा पत्रों के संबंध में जिला प्रशासन की तरफ से शासन को भी अवगत कराया जाएगा। उसके बाद ही तय होगा कि किन क्षेत्रों की टेनरिया खोली जाएं और किन क्षेत्रों की नहीं। इसके अलावा इनके लिए कोविड 19 के संदर्भ में क्या क्या सावधानियां बरतनी है इसका भी निर्देश अलग से जारी होगा। बताया जा रहा है कि इस पूरी प्रक्रिया में सप्ताह भर का समय लग सकता है। करीब 5 दिन पहले जिला प्रशासन की तरफ से निर्देश जारी किया गया था कि हॉटस्पॉट से बाहर रेड जोन में भी जो औद्योगिक इकाइयां है वह अपने स्व घोषणा पत्र के आधार पर निर्धारित शर्तों को मानते हुए उद्योगों को खोल सकते हैं। इसके लिए जिला उद्योग केंद्र से घोषणा पत्र भरकर उस पर अनुमति मिलने के बाद ही उद्योगों को खोलने की अनुमति दी जाएगी। इसी कड़ी में टेनरी संचालकों की तरफ से यह प्रक्रिया पूरी की गई है।