कानपुर। स्क्रैप कारोबार पर निगरानी बढ़ाई गई है। एक नवंबर 2026 से कई प्रकार के स्क्रैप की खरीद पर जीएसटी टीडीएस कटौती और रिवर्स चार्ज तंत्र लागू किया गया है। जीएसटी विभाग ने इस संबंध में एक एडवाइजरी भी जारी की है। इसका उद्देश्य अपंजीकृत कारोबारियों को जीएसटी के दायरे में लाना और राजस्व बढ़ाना है। हाल ही में शहर में बड़ी संख्या में बोगस स्क्रैप फर्मों का खुलासा भी हुआ था। मर्चेंट चैंबर ऑफ उत्तर प्रदेश जीएसटी कमेटी के चेयरमैन संतोष कुमार गुप्ता ने बताया कि नए नियम सभी प्रकार के मेटल स्क्रैप के अलावा प्रयोग किए गए खाद्य तेल, प्लास्टिक, बिजली और इलेक्ट्रॉनिक कचरा तथा टायर वेस्ट स्क्रैप पर भी प्रभावी होंगे। इन वस्तुओं पर दो फीसदी की दर से टीडीएस कटौती लागू की जाएगी। इन वस्तुओं पर रिवर्स चार्ज तंत्र भी प्रभावी हो गया है। यदि कोई पंजीकृत कारोबारी अपंजीकृत व्यापारी से ये वस्तुएं खरीदता है तो उसे रिवर्स चार्ज तंत्र के तहत जीएसटी का भुगतान करना होगा। ब्यूरो