कानपुर। भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र और जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता गोरे की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को डीसीपी यातायात अभयनाथ त्रिपाठी से मिलकर यातायात व्यवस्था से जुड़े सुझावों का ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने त्योहारों के मद्देनजर बंद चौराहों और बनाए गए कट की समीक्षा कर जरूरत वाले स्थानों पर चौराहे खोलने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रमुख बाजारों और मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने से अनावश्यक लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। व्यापारियों ने प्रमुख मार्गों पर गड्ढों के कारण धीमे यातायात और जाम की समस्या को देखते हुए सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। टाटमिल बस स्टैंड के पास रोडवेज बसों के मुख्य मार्ग पर खड़े होकर सवारियां भरने पर रोक लगाने और निर्धारित स्थान पर बसें खड़ी कराने का सुझाव दिया गया, ताकि जीटी रोड बाधित न हो। जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता गोरे ने ई-रिक्शा संचालन को पूरे शहर में व्यवस्थित और नियंत्रित करने की मांग की। डीसीपी ने विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर मनोज गुप्ता, अब्दुल वहीद, मनोज गुप्ता, अब्दुल वहीद, सुरेंद्र जायसवाल, विनोद त्रिपाठी, मोहम्मद शाहिद आदि मौजूद रहे।