कानपुर। आईआईटी कानपुर के सी3आई हब में सीआईएसएफ के 40 कार्मिकों के लिए छह सप्ताह का विशेष साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण शुरू किया गया है। सोमवार से शुरू हुए प्रशिक्षण का शुभारंभ कानपुर एयरपोर्ट के मुख्य सुरक्षा अधिकारी (कासो) कुलदीप सिंह राठौर, सी3आई हब के प्रोग्राम निदेशक प्रो. सुरेंद्र बसवाना, सीईओ डॉ. तनिमा हाजरा, सीएफओ अजय मिश्रा, सीएसओ डॉ. आनंद हांडा और सीटीओ डॉ. रास द्विवेदी ने किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों को साइबर हमलों से बचाव के लिए तकनीकी ज्ञान, जागरूकता और व्यावहारिक दक्षता प्रदान करना है। छह सप्ताह के दौरान साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर कक्षा शिक्षण, व्यावहारिक प्रशिक्षण और अन्य गतिविधियां कराई जाएंगी। इस अवसर पर सीआईएसएफ के उपनिरीक्षक एके गुप्ता और कानपुर एयरपोर्ट के प्रभारी क्राइम विवेक सिंह भी मौजूद रहे। (ब्यूरो)