कानपुर। आईआईटी कानपुर के कर्मचारी भी आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) और ऑटोमेशन पर काम करेंगे। संस्थान के विशेषज्ञों की टीम स्टाफ ट्रेनिंग यूनिट (एसटीयू) में कर्मचारियों को अत्याधुनिक तकनीक से प्रशिक्षित करेगी। वर्तमान में कर्मचारियों को उन्नत अंग्रेजी कौशल का प्रशिक्षण दिया गया है। आईआईटी में स्टाफ ट्रेनिंग यूनिट की पहली वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल, उप निदेशक प्रो. बृज भूषण, रजिस्ट्रार विश्व रंजन ने किया। प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने कहा कि नित्य सीखने की कला के साथ आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और ऑटोमेशन (स्वचालन) जैसी तकनीक को सीखकर उसे अपने कार्य में शामिल करें। इसके लिए एसटीयू सभी कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान करेगा। इसका लाभ कर्मचारियों के साथ संस्थान को भी मिलेगा। (ब्यूरो)