जोशीमठ में मकानों में दरार आने के बाद अब ऐसा ही मामला औरैया में भी देखने को मिल रहा है। यहां मोहल्ला मदार दरवाजा व विधिचंद्र में स्थित 15 मकानों में कुछ दिनों के अंदर अचानक से दरारें पड़ने से लोगों में दहशत का माहौल है। मंगलवार को कारण पता करने के लिए पीडब्ल्यूडी की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
हालांकि, टीम अभी तक इसका स्पष्ट कारण पता नहीं चल सका है। दोनों मोहल्लों में करीब 12 सौ मकान हैं। यहां बने कुछ पक्के मकानों में पिछले कुछ माह से दरारें पड़ रही थीं। उस वक्त लोगों बारिश को इसकी वजह माना था। बाद में 15 से अधिक घरों की नींव, छत, दीवारों में दरारें पड़ने से यहां रहने वाले लोगों ने दहशत में आकर पलायन शुरू कर दिया। मोहल्ले में रहने वाले प्रेमचंद्र पोरवाल, राजेश वर्मा, मनोज गोयल, प्रमोद गुप्ता, ब्रजेंद्र सिंह, मनोज गुप्ता, सुरेश गुप्ता, गोपाल अग्रवाल, मूलचंद्र अग्रवाल, सतीश पुष्कर, राजेंद्र वर्मा समेत 15 लोगों के मकानों में फिलहाल यह समस्या है।