सार
Farrukhabad News: कंपिल थाना क्षेत्र के कमरुद्दीन नगर गांव में जमीनी विवाद ने गंभीर मोड़ ले लिया। सोमवार सुबह खेत पर सरसों काटने गए रामपाल और उनकी पुत्री किरन के साथ गांव के कुछ लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। विरोध करने पर दोनों को चोटें आईं, जिससे वे घायल हो गए।
पीड़ित रामपाल के अनुसार, वह घटना की शिकायत लेकर थाने पहुंचे, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें धमकाकर भगा दिया। इससे आहत होकर रामपाल के बेटे प्रवेश ने थाने परिसर में ही जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती पीड़ित रामपाल
- फोटो : amar ujala
स्थिति गंभीर होते देख थाना पुलिस ने उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। परिजनों का कहना है कि आरोपियों से उनका लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है और कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कार्यवाहक थाना प्रभारी दिनेश यादव ने बताया कि युवक को इलाज के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।