कानपुर। पनकी पुलिस ने बुधवार को अभियान चलाकर वाहनों की चेकिंग की। इसमें कई गाड़ियाें को पुलिस कर्मियों ने सीज भी किया। ऐसी ही एक गाड़ी को सीज करने पर एक युवक ने खुद को हिंदूवादी संगठन का नेता बताकर इंस्पेक्टर दिनेश बिष्ट को फोन किया। बाद में मनचाहा काम न होने पर फोन काटते समय गालियां दीं। पनकी इंस्पेक्टर दिनेश बिष्ट ने बताया कि सौरभ नामक युवक की गाड़ी एक दरोगा ने वाहन चेकिंग के लिए रोकी थी। शीशों पर काली फिल्म, हूटर लगे होेने के कारण गाड़ी को सीज किया गया। इसके बाद एक युवक ने फोन किया और खुद को हिंदूवादी संगठन का नेता बताकर गाड़ी सीज करने का कारण पूछा। इंस्पेक्टर के अनुसार जब कारण बताया गया तो युवक ने एक विधायक को फोन कर जानकारी देने की बात कहते हुए दबाव बनाया। इसके बाद गालियां देते हुए फोन काट दिया। (संवाद)