कानपुर। हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एचबीटीयू) में नए शैक्षणिक सत्र के लिए बीटेक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है। बीटेक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 जून तय की गई है। जोसा की काउंसलिंग के समानांतर छात्रों को आवेदन के लिए लगभग एक महीने का समय दिया जाता है। सामान्य और अन्य श्रेणियों के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क 2500 रुपये निर्धारित है जबकि एससी-एसटी वर्ग के छात्रों के लिए यह शुल्क 1500 रुपये है। डीन एकेडमिक्स प्रोफेसर वंदना दीक्षित ने बताया कि यूनिवर्सिटी में बीटेक के अलावा एमएससी , एमटेक और पीएचडी पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है। बीएसएमएस पाठ्यक्रम के लिए भी शनिवार या रविवार से प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।