हरदोई जिले में सांडी थाना क्षेत्र के हरदोई मार्ग पर बाइक सवार दोस्तों को ट्रैक्टर-ट्राॅली ने टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राॅली को मौके पर छोड़कर भाग निकला। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। सिर पर लगी चोट जानलेवा बन गई।
सांडी थाना क्षेत्र के छितरामऊ निवासी शिवम (19) दिल्ली में एक प्राइवेट फैक्टरी में काम करता था। बुधवार सुबह ही वह दिल्ली से वापस अपने घर आया था। दोपहर बाद गांव निवासी दोस्त सौरभ (15) पुत्र गुड्डू के साथ बाइक से सांडी जा रहा था। हरदोई-सांडी मार्ग पर पक्षी विहार पुलिया के पास सांडी की ओर से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राॅली ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार दोस्त सिर के बल सड़क पर जा गिरे। हेलमेट न लगाए होने के कारण सिर में गंभीर चोटें आईं।