हरदोई जिले में हरियावां थाना क्षेत्र के हरदोई-पिहानी मार्ग पर बिल्हारी के पास गन्ना लदे ट्रक ने बाइक सवारों को रौंद डाला। हादसे में दोनों की मौके पर मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही युवकों के घरों में चीख-पुकार मच गई। पिहानी थाना क्षेत्र के ग्राम रांभा निवासी हासिम (35) अपने साथी इदरीश (45) के साथ रविवार को हरदोई से लौट रहा था।
वह दोनों राजमिस्त्री का काम करते थे। हरदोई-पिहानी मार्ग पर बिल्हारी के पास पिहानी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार गन्ना लदे ट्रक ने सामने से उन्हें बाइक समेत रौंद डाला। हादसे में हासिम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल इदरीश ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्च्युरी में रखवा दिया। इसके साथ ही घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।