इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया था। इसमें पथराव व फायरिंग होने लगी। बवाल की सूचना पर डीएम अविनाश कुमार, एसपी राजेश द्विवेदी, एएसपी पश्चिमी दुर्गेश सिंह व एसडीएम सवायजपुर समेत कई थानों की फोर्स ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया। डीएम-एसपी ने उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
जिस पर पुलिस ने देर रात पूर्व चेयरमैन रिजवान खां, मु्न्ना, आरिफ, मारूफ, जुबैर, आरिफ, शमशाद, सैनियाज, सपा नेता रहमत अली मोनू, शान वारिश, रियासत को नामजद करते हुए 200 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। एसओ सुनील दत्त कौल ने बताया कि कई उपद्रवियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि विवाद का तिरंगा यात्रा से कोई संबंध नहीं है। दो समुदाय के दो युवकों के आपसी विवाद से माहौल बिगड़ा था।
उपद्रव में शामिल पूर्व चेयरमैन का वीडियो वायरल
एक समुदाय विशेष के लोगों द्वारा बवाल किए जाने में पूर्व चेयरमैन रिजवान खां भी शामिल थे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पूर्व चेयरमैन हाथ में डंडा व पथराव करते दिख रहे हैं। इसे लेकर कस्बे में सिर्फ पूर्व चेयरमैन का चुनावी फायदे को लेकर बवाल करने की चर्चा हो रही है।
उपद्रवियों का शिकार हुए एसओ और दो सिपाही
हिंसक झड़प के बीच स्थिति को काबू करने में पाली पुलिस के हाथ पांव फूल गए। उपद्रवियों के आगे पुलिस की एक नहीं चली। इस दौरान एसओ सुनील दत्त कौल व दो सिपाही में घायल हुए हैं। जिम्मेदार पुलिस के घायल होने पर पर्दा डाल रहे हैं।
अफसरों ने कस्बा में डाला डेरा
समुदाय विशेष के बवाल करने के बाद पूरी रात नगर की सड़कों पर अफसरों की गाड़ी दौड़ती रही। देर रात डीएम अविनाश कुमार व एसपी राजेश द्विवेदी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। सुबह भी अफसर कस्बे में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए भ्रमण करते रहे।