हरदोई जिले में बिल्हौर-कटरा हाईवे पर तिलक समारोह से लौट रहे छात्रों की कार में सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे एक छात्र की मौत हो गई। चार अन्य साथी घायल हो गए। जनपद जालौन थाना उरई के नया पटेल निवासी अभय त्रिपाठी (22) पुत्र सूर्य कुमार शाहजहांपुर के वरुण अर्जुन मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर था।
अभय के जूनियर साथी का तिलक था। अभय साथी हरियाणा के सोनीपथ निवासी विशाल (22) पुत्र रघुवीर, विपुल (23) पुत्र पवन कुमार, ऋषभ त्रिपाठी (27) पुत्र महेश त्रिपाठी और राजस्थान निवासी देवकीनंदन (20) पुत्र मुरारीलाल के साथ कार से इटावा से लौट रहे थे। इसी बीच बिल्हौर-कटरा हाईवे पर सांडी-बिलग्राम रोड पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में अभय त्रिपाठी की मौत हो गई। उसके चारों साथी घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। कोतवाल फूल सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।