हरदोई जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में नवीन गल्ला मंडी में महिला की हत्या कर दी गई। शव के पास पड़े मिले मोबाइल से महिला की शिनाख्त माधोगंज थाना क्षेत्र की एक महिला के रूप में हुई है। शहर कोतवाली क्षेत्र में नवीन गल्ला मंडी परिसर टीन शेड बना है। बुधवार सुबह टीन शेड के पास 45 वर्षीय महिला का शव पड़ा मिला।
मंडी गए व्यापारियों ने शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला निर्वस्त्र थी। साड़ी इधर-उधर पड़ी थी। इससे दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास किया। सीओ सिटी विनोद द्विवेदी ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। मोबाइल नंबर मिलने पर उसके पति को बुलाया गया है। ताकि पूरा घटनाक्रम सामने आ सके।