हमीरपुर जिले में कपड़ो में प्रेस कर रही महिला की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जरिया थाना क्षेत्र के पहरा गांव निवासी प्रवेंद्र कुमार राजपूत ने बताया कि सोमवार सुबह करीब नौ बजे उनकी पत्नी प्रियंका (21) कपड़ो में प्रेस कर रही थी। तभी वह करंट की चपेट में आकर झुलस गई। परिजनों ने सीएचसी में भर्ती कराया जहां डॉक्टर चतुर्भुज सिंह ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
वहीं मृतका के पिता कोतवाली क्षेत्र के जखेड़ी गांव निवासी गनेशा राजपूत ने बताया कि 21 जून 2022 को उन्होंने अपनी पुत्री की शादी धूमधाम से की थी। आरोप लगाया कि ससुराली आए दिन दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। कहा कि ससुरालियों ने उनकी पुत्री की करंट लगाकर हत्या कर दी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष जरिया विनोद कुमार ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अभी किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। मामले की जांच की जाएगी।