डांस करते स्वास्थ्यकर्मियों का वीडियो वायरल
- फोटो : अमर उजाला
हमीरपुर जिले में राठ कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के महिला प्रसव वार्ड का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में राठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के महिला प्रसव वार्ड में तैनात महिला स्वास्थ्य कर्मी सहित आशा कार्यकत्री फिल्मी गानों पर जमकर थिरकती हुई नजर आ रही हैं। वहीं महिला स्वास्थ्य कर्मियों के वार्ड के अंदर का डांस का वीडियो वायरल होने से स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है।
तथा स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर भी प्रश्न चिन्ह लग रहा है। जानकारी के अनुसार राठ कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के महिला प्रसव वार्ड में तैनात महिला स्वास्थ्य कर्मियों एवं आशा कार्यकत्रियों ने प्रसव वार्ड में भर्ती मरीजों के बीच ही अपने नए अंदाज में नये साल का सेलिब्रेशन किया। इतना ही नहीं महिला स्वास्थ्य कर्मियों और आशा कार्यकत्रियों ने महिला प्रसव वार्ड में भर्ती महिलाओं के बीच अधिक तीव्रता ध्वनि वाले डीजे की धुन पर विभिन्न फिल्मी गानों में जमकर ठुमके लगाए।
हैरत की बात तो यह है कि राठ कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के महिला प्रसव वार्ड के कुछ ही कदम पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अखिलेश कुमार का आवास भी है। लेकिन स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक भी डीजे की धुन पर बज रहे फिल्मी गानों का आनंद लेते रहे। इस संबंध में जब राठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. अखिलेश कुमार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।