हमीरपुर जिले में भरुआ सुमेरपुर थानाक्षेत्र के पंधरी गांव में रविवार देर शाम कर्ज से परेशान एक किसान ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। जानकारी होने पर उसे कुएं से निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पंधरी गांव निवासी विजय पाल सिंह (45) के पास करीब 22 बीघे खेतिहर जमीन थी। जिसमें खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण पोषण करता था। रविवार देर शाम किसान गांव में ही घर के पास बने कुएं में कूद गया। जानकारी होने पर परिजन इसे निकाल कर पीएचसी ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पत्नी सरोज देवी ने बताया कि पति ने स्टेट बैंक से तीन लाख, कोऑपरेटिव बैंक डेढ़ लाख रुपये का कर्ज ले रखा था। इसके साथ ही करीब डेढ़ लाख रुपये का घर और निजी नलकूप का बिजली का बिल बकाया है। बीते वर्षो में फसल ठीक न होने के कारण बैंक व बिजली का बकाया नहीं जमा कर सके।
जिससे बैंक के अधिकारियों द्वारा अक्सर कर्ज जमा करने का दबाव बनाया जा रहा था। इसके साथ ही बिजली के बकाए की आरसी जारी होने पर राजस्व विभाग के कर्मी एक बार पति को पकड़ भी ले गए थे। बैंक कर्ज व बिजली के बकाए से पति परेशान रहते थे। शायद इसी कारण से रविवार देर शाम कुंए में कूद कर आत्महत्या कर ली।