हमीरपुर जिले में भरुआ सुमेरपुर थानाक्षेत्र के मौहर गांव में नशे में धुत दो भाई आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि छोटे भाई ने बड़े भाई की पत्थर से कूच कर हत्या कर दी। परिजनों ने घटना सूचना पुलिस को दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने आरोपी भाई को हिरासत में ले लिया है। अचानक हुई इस घटना से परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
थानाक्षेत्र के मौहर गांव निवासी कामता श्रीवास ने बताया कि उसके पुत्र धर्मेंद्र उर्फ धर्मपाल (32) व भूपेंद्र (28) शराब पीकर आपस में झगड़ा करने लगे। पत्नी शांति दोनों को झगड़ा करने से रोकती रही। लेकिन दोनों भाइयों में विवाद इतना बढ़ा कि घर के सामने मंदिर के बगल में शाम करीब पांच बजे अपनी मां शांति की मौजूदगी में ही छोटे भाई भूपेंद्र ने बड़े भाई धर्मेंद्र पर पत्थर से वार कर दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने आरोपी भाई भूपेंद्र को हिरासत में लिया है। मृतक की पत्नी, बेटा व बेटी रो-रोकर बेहाल रहे। एएसपी मायाराम वर्मा ने बताया कि नशे में दोनों के बीच विवाद हुआ था। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
नशे की लत से परेशान पत्नी तीन साल से नहीं रह रही साथ
मृतक धर्मेंद्र की शराब पीने की लत से परेशान होकर उसकी पत्नी पूजा करीब तीन वर्ष पूर्व दोनों बच्चों को लेकर अपने मायके लवकुश नगर जिला छतरपुर (म.प्र.) चली गई थी। घर पर धर्मेंद्र व भूपेंद्र के साथ माता पिता ही रहते थे। माता-पिता भी इनके रोजाना शराब पीकर झगड़े से परेशान रहते थे। परिजनों ने घटना की सूचना पत्नी पूजा को दी है। लेकिन अभी तक मौके पर नहीं पहुंची है।