गुरु गोविंद सिंह द्वार बनाने की इजाजत मांगी
कानपुर में गुरु तेग बहादुर नगर बनाने को अनोखा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में सभी युवा शामिल हैं। बुधवार को गुमटी नंबर-5 का नाम गुरु तेग बहादुर नगर करने के लिए बीबी कौला जी भलाई केंद्र के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। युवाओं ने कहा कि गुमटी काम नाम बदलने को लेकर पूरा सिख और गुमटी का व्यापारी संगठन एकजुट है। इस मौके पर अध्यक्ष इंदरजीत सिंह, अमनदीप सिंह गंभीर, प्रभजोत सिंह, व्यापारी आशु अवस्थी आदि शामिल रहे। गुरुवार से गुमटी में हस्ताक्षर अभियान चलाने की घोषणा की गई। उधर श्री गुरु सिंह सभा लाटूश रोड ने बुधवार को ज्ञापन सौंपकर नगर आयुक्त उमेश प्रताप सिंह और महापौर पं. जगतवीर सिंह द्रोण से जापानी गार्डेन मोतीझील के बगल में गुरु गोविंद सिंह द्वार बनाने की इजाजत मांगी। सभा के चेयरमैन सरदार कुलदीप सिंह, सुखविंदर सिंह लाडी भल्ला ने बताया कि सभा 40 फुट चौड़ा द्वार बनाने में खर्च का वहन स्वयं करेगी। इस दौरान इंदरजीत सिंह, हरजेंद्र सिंह, मनमीत सिंह, गुरचरण सिंह पचनंदा भी मौजूद रहे।