घाटमपुर में साढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को कोचिंग पढ़ने जा रही छात्रा को नाबालिग समेत चार युवक खेत में खींच ले गए। वहां उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर भाग गए। पीड़ित छात्रा के परिजनों की तहरीर पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर चारों आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
एक गांव निवासी छात्रा शनिवार को साइकिल से कोचिंग जा रही थी। रास्ते में गांव के एक युवक ने बहाने से रोककर उसे साइकिल से गिरा दिया। इसके बाद पास के खेत में खींच ले गया। इसी बीच उसके तीन अन्य साथी भी पहुंच गए। छात्रा के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। बताया जा रहा है कि छात्रा काफी देर तक उन लोगों से जूझती रही।
शोर मचाने पर चारों आरोपी उसे खेत में छोड़कर भाग गए। इसके बाद छात्रा ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक परिजनों की तहरीर पर गांव के देवेंद्र सिंह, अंकित सिंह, रमन सिंह और एक नाबालिग के खिलाफ पॉक्सो समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। साढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद ने बताया कि चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा।