ठठिया थाना क्षेत्र में एक युवक की उसके ही दोस्तों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पत्नी के मायके जाने के बाद युवक ने दोस्तों को घर बुलाकर पार्टी दी थी। पत्नी का फोन न उठने पर पास में रह रही बहन जब घर पहुंची, तब उसने खून से लथपथ शव देखा।
कन्नौज जिले में दोस्तों ने शराब पार्टी के बाद घर में चाकू गोदकर युवक की हत्या कर दी। सुबह घर के कमरे में युवक का खून से लथपथ शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन शुरू की है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ठठिया थाना क्षेत्र के खैरनगर गांव निवासी राजू (28) पुत्र लालाराम दिल्ली में आइसक्रीम का धंधा करता था। वह दिवाली पर घर आया था। उसकी पत्नी भाईदूज पर मायके गई थी। इधर शुक्रवार रात राजू ने गांव में रहने वाले दोस्तों को घर पर बुलाकर शराब की पार्टी की थी।
रात को पार्टी में शामिल हुए तीन दोस्तों ने चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। सुबह करीब नौ बजे मायके से पत्नी ने राजू को फोन किया, तो कोई जबाव मिला। इससे पत्नी ने पड़ोस में रह रही अपनी बहन को फोन कर घर भेजा, तो कमरे में साली ने खून से लथपथ राजू का शव देखा।
इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सीओ शिव प्रताप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर छानबीन की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आशंका है कि रात में पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ गया, जिसमें हत्या कर दी गई।