नवरात्र के शुभ दिनों पर कानपुर सेंट्रल में कई सुविधाएं यात्रियों के लिए शुरू कर दी जाएंगी। जहां सेंट्रल स्टेशन में फ्री इंटरनेट की सुविधा मिलेगी, वहीं सात नंबर प्लेटफार्म पर शताब्दी एक्सप्रेस समेत अन्य वीआईपी ट्रेनें रुकने लगेंगी। सात नंबर प्लेटफार्म की लिफ्ट भी तैयार है, जो शुरू हो सकती है। इसी प्लेटफार्म के ऊपर सेक्शन में वीआईपी वेटिंग रूम बन चुका है। एसी लगने का काम अंतिम चरणों में हैं। नवरात्र पर ही प्लेटफार्म नंबर एक पर आरपीएफ कंट्रोल रूम का उद्घाटन होगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार नवरात्र में ही आरओ वॉटर वेंडिंग मशीनें शुरू हो जाएंगी। दस दिनों से दस नंबर प्लेटफार्म पर चल रहा निर्माण कार्य नवरात्र तक पूरा हो जाएगा। फिर बांदा और झांसी रूट की ट्रेनें फिर से यहां छूटने लगेंगी। डीआरएम एसके पंकज ने बताया कि सारी सुविधाएं नवरात्र में शुरू हो जाएंगी।