नवाबगंज थानाक्षेत्र में जमीन क्रय करने के नाम पर पिता-पुत्र समेत चार लोगों ने मिलकर एक व्यक्ति से लाखों रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बनियापुरवा कटरी निवासी बीआर अहिरवार ने अपने अन्य हिस्सेदार के साथ मिलकर नोएडा के सरफाबाद सेक्टर निवासी यादराम से नोएडा स्थित जमीन खरीदने के लिए एक इकरारनामा किया था। इकरारनामा के अनुसार अहिरवार ने अपने हिस्से के 16.50 लाख रुपये चेकों के माध्यम से उनके खाते में जमा किए। धनराशि का भुगतान किए जाने के बाद भी यादराम ने उनके हिस्से की जमीन की रजिस्ट्री नहीं की। आरोप है कि यादराम ने फरीदाबाद के जीएफ ब्लॉक अमरगढ़ फरीदाबाद निवासी अपने बेटे गजेंद्र, सुभाष चंद्र अग्रवाल और शाहपुर बमैटा गाजियाबाद निवासी सुरेंद्र यादव ने मिलकर किसी दूसरे के नाम जमीन का बैनामा कर दिया। नवाबगंज थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि बीआर अहिरवार की तहरीर पर यादराम, गजेंद्र यादव, सुभाष चंद्र अग्रवाल, सुरेंद्र यादव के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।