यूपी के फतेहपुर में शादी समाराेह में शामिल हाेने गईं चार महिलाएं गुरुवार सुबह गंगा नदी में नहाते समय डूब गईं। स्थानीय लोगों की मदद से तीन महिलाओं को सुरक्षित बचा लिया गया। लापता महिला की तलाश कर रहे गोताखोरों ने दो घण्टे बाद उसका शव बरामद किया। घटना से शादी वाले घर में हड़कम्प मचा रहा।
फतेहपुर के हथगाम थाना क्षेत्र के रिकौहां गांव में रामभवन लोधी के पुत्र का तिलक था। गुरुवार को उसकी बारात फतेहपुर शहर जानी है। शादी वाले घर मे नाते रिश्तेदार आये हुए थे। सुबह महिलाओं ने गंगा नदी में स्नान करने की तैयारी बनाई।
मलवा थाने के लालपुर निवासी सरवन की पत्नी आशा देवी, लालता देवी पत्नी सतेंद्र निवासी लालपुर,अनीता पत्नी आशाराम निवासी सनगांव मजरे बहरामपुर, राजनदेवी पत्नी शिवलाल निवासी जौहरी मजरे जमालपुर जिला बाँदा समेत करीब डेढ़ दर्जन महिलाएं अाैर बच्चे गंगा नदी में नहाने गये थे। यहां काेई घाट ना हाेने के चलते महिलायें गहराई में जाकर नहाने लगी। बताते है कि नहाते समय आशा देवी, गहराई में चली गई और डूबने लगी।
उसे डूबता देख अनिता, राजनदेवी और लालता उसे बचाने के लिए गई और वह भी डूबने लगी। उन्हें डूबते हुए देख साथ गईं महिलाये और बच्चे शोर मचाने लगे। तभी किसी काम से से गंगा किनारे गया धुन्नी निवासी रसूलपुर नदी में छलांग लगते हुए अनिता, राजन और लालता देवी को बचा लिया। लेकिन तब तक आशा देवी डूब गई। यह देख अन्य ग्रामीणों में शोर हो गया और रामभवन के घर में हड़कम्प मच गया।
बड़ी संख्या में ग्रामीण और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और किसी तरह तीन महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के आशा देवी को खोज पाई लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। आशा की मौत से परिजनों में कोहराम मचा रहा। वहीं शादी वाले घर में मातम पसर गया।