फर्रुखाबाद जिले में सक्रिय बाइक चोरों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से बोरों में भरे बाइकों के कलपुर्जे बरामद हुए हैं। इनकी कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई जा रही है। चोरों पर थानों में कई-कई मुकदमे दर्ज हैं।
कादरीगेट थाने के प्रभारी निरीक्षक विनोद शुक्ला ने बाइक चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा किया। पुलिस ने गुरुवार को फतेहगढ़ के नौगवां कैंट निवासी विशाल उर्फ पुत्तू, सूरज, बाबू वाल्मीकि व अमित उर्फ गुड्डन को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर सामान बरामद किया।
इसमें बोरों में भरी बाइक की सीट, साइलेंसर, पेट्रोल टंकी, हेडलाइट, इंडीकेटर, लाइटें, जाली समेत करीब 70 हजार रुपये का सामान शामिल है। चोरी के आरोपी विशाल उर्फ पुत्तू पर तीन, सूरज पर चार, बाबू पर पांच व अमित पर तीन मुकदमे दर्ज हैं। चारों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।