इकदिल। छत पर होली खेल रहे चार भाई-बहन हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने आईं दो महिलाएं भी बुरी तरह झुलस गईं। आनन-फानन चारों बच्चों व दोनों महिलाओं को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टर ने इन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
क्षेत्र के गांव बैसोली घाट निवासी रिंकेश उर्फ रिंकू की बेटी प्रिया (4) सोमवार दोपहर अपने भाई और बहनों के साथ गांव में बने नए घर की छत पर होली खेल रही थी। तभी छत के करीब से निकली 11 हजार की हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में प्रिया आ गई। उसे बचाने पहुंचे भाई रिषी (8), बहन रीना (10), चचेरी बहन श्वेता (14) पुत्री लाल सिंह को भी करंट लगा। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी में रहने वाली गंगाश्री (50) और बच्चों की दादी लड़ेती (55) दौड़कर बचाने पहुंचीं तो उन्हें भी करंट ने अपनी चपेट में ले लिया।
शोर सुनकर परिजनों के साथ ग्रामीण भी मौके कीओर दौड़ पड़े। इसी बीच ग्रामीणों ने बिजली विभाग को सूचना दी। जिसके बाद बिजली आपूर्ति बंद की गई। करंट के चपटे में आए लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां गंभीर हालत देख डॉक्टरों ने सैफई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। सूचना पर एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी व थाना प्रभारी भीमसेन पौनिया पहुंचे और जांच-पड़ताल की।
उपखंड अधिकारी को दिए जांच के आदेश
अधिशाषी अभियंता ग्रामीण एसके मिश्रा ने बताया कि उपखंड अधिकारी को जांच के आदेश दिए गए हैं। जल्द ही इसमें कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया है कि कई सालों से लाइन पड़ी हुई है। अब लोगों ने नए मकान बना लिए हैं. जिससे उन्होंने छत से छज्जा भी बाहर निकाल लिया। इसी कारण से विद्युत लाइन उनके छत के नजदीक आ गई। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जब मकान बनवाएं तो तारों को देखकर ही छज्जे को बाहर निकालें।
विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप
बच्चों के पिता रिंकू व ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि पूरे गांव में और घर के पास से 11 हजार की हाईटेंशन लाइन गुजरी है। जगह-जगह पर छोटी डीपी ट्रांसफार्मर रख कर विद्युत कर्मचारियों ने घर के लिए कनेक्शन जोड़ दिए। पूरे गांव में आलम यह है कि घरों के ऊपर और छज्जे के पास से एचटी लाइन निकली है। ग्रामीणों ने लाइन हटाने के लिए कई बार विद्युत अधिकारियों को अवगत कराया लेकिन समस्या जस की तस है। विद्युत विभाग समस्या को दूर नहीं करा रहा।
चार साल से टूटा बिजली का पोल टिका है पेड़ पर
गांव के मुकेश कुमार के घर के पास बिजली पोल टूटकर नीम के पेड़ से चार साल से टिका हुआ है। पोल के तार उनकी छत पर रखे हैं। कई बार उन्होंने विद्युत कर्मचारियों से टूटे पोल को हटाकर नया पोल लगाने के लिए कहा लेकिन अभी तक नहीं लगाया गया। पोल में सप्लाई भी चालू है जो कि दिलीप कुमार, महेंद्र सिंह आदि कई लोगों के घर में उसी लाइन से बिजली की सप्लाई जाती है। ग्रामीणों ने टूटे पोल को हटाकर नया पोल लगाने और पूरे गांव से हाईटेंशन लाइन हटा कर गांव के बाहर एक ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति देने की मांग की है।