धर्मेंद्र कुमार सिंह की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
घाटमपुर के सजेती में सोमवार को थाना सजेती क्षेत्र के डोहरू गांव में एक पूर्व फौजी ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के पीछे घरेलू कलह बताई गई। गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार सिंह परमार (40) पुत्र छक्कू सिंह कुछ दिन पहले ही सेवानिवृत्त होकर घर आया था।
परिवार में पत्नी के अलावा दो बच्चे नीतेंद्र सिंह (15) और तरुण (12) हैं। परिजनों ने बताया कि सोमवार की दोपहर धर्मेेंद्र ने घर में खाना खाया और इसके कुछ देर बाद वह कमरे में चला गया। थोड़ी देर बाद परिजनों ने उसे छत के पंखे के सहारे फांसी पर झूलता देखा तो घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने उसे नीचे उतारा और सीएचसी घाटमपुर लाए। वहां डाक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चर्चा में वजह घरेलू बताई गई लेकिन अस्पताल में मौजूद परिजनों ने घटना के पीछे कोई ठोस वजह नहीं बताई है।
वहीं, सजेती एसओ देेवेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि सूचना पर पुलिस बल मौके पर भेजा जा रहा है। बताया कि शव को कब्जे में लेने के बाद उसे पोस्टमार्टम को भेजेंगे। पीएम रिपोर्ट और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।