माई सिटी रिपोर्टर कानपुर। शहर में पकड़े गए विदेशी तबलीगी जमाती फिलहाल अस्थाई जेल में ही रहेंगे। सोमवार को दो सप्ताह की न्यायिक हिरासत का समय पूरा होने के बाद कोर्ट ने 14 दिन और बढ़ा दिये हैं। ये समयावधि पूरी होने के बाद ही आरोपियों को जिला कारागार में शिफ्ट करने का निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान इन सभी की कोरोना जांच की जाएगी। एक अप्रैल को शहर में चार अफगानी, तीन इरानी और एक यूके का जमाती पकड़ा गया था। सभी पर बाबूपुरवा थाने में महामारी अधनियम, विदेशी अधिनियम के साथ लॉकडाउन उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया था। क्वारंटीन का समय पूरा होने के बाद सभी आरोपियों को अस्थाई जेल चौबेपुर भेजा गया था। यहां भी 14 दिन का समय सोमवार को पूरा हो गया। एसपी पश्चिम डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि कोर्ट ने दोबारा इन सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इसलिए ये सभी अस्थाई जेल में ही रहेंगे। एसपी ने बताया कि जिला जेल में किसी भी तरह का संक्रमण का खतरा न बढ़े, इसलिए एहतियात बरती जा रही है।