इटावा। रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम की ओर से छापेमारी तेज कर दी गई है। गुरुवार को सहायक आयुक्त खाद्य राजेश द्विवेदी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने मड़ैया शिवनारायन के शिवाजी पुरम में एक मिल्क केक बनाने वाले फैक्ट्री पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने खोया के दो नमूने, मिल्क केक व लिक्विड ग्लूकोज का एक-एक नमूना लिया। टीम ने ड्रम में रखे 18 हजार रुपये का लगभग 300 किलो लिक्विड ग्लूकोज सीज कर दिया। इसके बाद टीम पचदेवरा गांव स्थित एक मिठाई की दुकान पर छापा मारा। यहां भी टीम की ओर से मिश्रित दूध, मिल्क केक माल्टोज कॉर्न सीरप का नमूना लिया गया। इसके साथ ही पांच हजार रुपये का लगभग 20 किलो मिल्क केक नष्ट कराया। सहायक आयुक्त खाद्य ने बताया कि मौके पर पाई गई अन्य कमियों में सुधार करने के लिए दोनों खाद्य कारोबारियों को सुधार नोटिस भी जारी किए गए है। इसके साथ ही सभी सेंपल प्रयोगशाला भेजे जा रहे है। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से बीते चार दिनों में 31 सैंपल लिए जा चुके है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश सकारिया, संदीप सिंह, रविभान सिंह, मृत्युंजय कुमार, गायत्री, कपिल गुप्ता एवं सुभाष सोनकर रहे।