पीले रंग का सोना पहनकर ऊब चुके लोगों के लिए कुछ साल पहले गुलाबी रंग का सोना बाजार में आया था, लेकिन अब नया दौर व्हाइट गोल्ड का आया है। पानी की तरह दिखने वाले प्लेटिनम गोल्ड पर हीरे की कनकी लगाकर ज्वैलरी तैयार की जा रही है। इसी रंगत में सलमान खान के एनजीओ बीइंग ह्यूमन ब्रांड की ज्वैलरी मार्केट में आई है। यूपी में इसका एकलौता शोरूम बिरहाना रोड में है। कहा जाता है कि इस ज्वैलरी की बिक्री से हुई कमाई गरीब बच्चों की भलाई में इस्तेमाल किया जाता है। स्वर्णकार बताते हैं कि सोने की धातु में समिश्रण करके इसे गुलाबी और पानी जैसी रंगत दी जाती है। आम तौर पर व्हाइट गोल्ड हीरे जड़ित अंगूठी, कंगन, ब्रेसलेट, हार और कान की ज्वैलरी में इस्तेमाल किया जाता है। हीरे की रंगत में मैच करने की वजह से इसकी खूबसूरती बढ़ जाती है। हीरा जड़ित व्हाइट गोल्ड ज्वैलरी आम लोगों की भी पहुंच में है। पांच से 50 हजार रुपये तक में हर तरह की ज्वैलरी खरीदी जा सकती है।