इटावा। शहर कोतवाली क्षेत्र के घूमनपुरा गांव में हनुमान टीला के पास मंगलवार दोपहर साढ़े तीन बजे गांव की रहने वाली गुंजन (13) बकरी चरा रही थी। तभी झाड़ियों में से बच्चे की रोने की आवाज आई। किशोरी झाड़ियों की तरफ गई तो नवजात बच्ची को देख दंग रह गई। गुंजन ने अपने परिजनों व गांव वालों को सूचना दी। वह बच्ची को लेकर अपने साथ गांव ले आए। उन्होंने इसकी जानकारी पर पुलिस को दी। बच्ची पांच दिन की बताई गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने नवजात बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। कोतवाली प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दी गई। बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। फिलहाल बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। (संवाद)