इटावा। शहर में विद्युत निगम की ओर से चेकिंग अभियान चलाया गया। निगम व विजिलेंस की संयुक्त टीमों ने बुधवार को तीनों उपखंडों में पांच लोगों पर बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके साथ ही 92 कनेक्शन काटे और 3.85 लाख रुपये का बकाया बिल वसूला। शहर के फ्रेंड्स कॉलोनी-2 बिजली घर क्षेत्र के पचावली व श्याम नगर मोहल्ले में चेकिंग अभियान चलाया गया। आज्ञाराम, अभिषेक, अशोक कुमार, अनीता यादव व विवेक यादव मीटर बाईपास करके बिजली चोरी करते मिले। इस पर टीम की ओर से इन उपभोक्ताओं पर मुकदमा पंजीकृत करवाया गया। इसके साथ ही उपखंड प्रथम में 36 कनेक्शनों को काटने के साथ 1.46 लाख, उपखंड िद्वतीय में 30 कनेक्शनों को काटने के साथ 1.15 लाख व तीसरे उपखंड में 26 कनेक्शनों को काटने के साथ 1.24 लाख रुपये का बकाया बिल जमा कराया गया। एक्सईएन ने बताया कि जिस क्षेत्र में अधिक लोड है, वहां पहले अभियान चलाया जा रहा है। अभियान लगातार चलता रहेगा।