झींझक। मंगलपुर थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव के पास बुधवार शाम कंचौसी जा रहे बाइक सवार युवकों पर कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से बाइक चला रहा युवक घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती करवाया। वहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसको मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बलरामपुर गांव निवासी मलखान की साउंड सर्विस की दुकान पर जिष्टामऊ गांव निवासी अभिषेक (21) काम करते हैं। अभिषेक ने बताया कि बुधवार शाम वह बाइक से ऋषि व मलखान के पुत्र आनंद के साथ कंचौसी जा रहा था। आरोप है कि शाम करीब छह बजे बलरामपुर गांव से कुछ दूर पहुंचते ही वहां मौजूद कुछ युवकों ने उनके ऊपर फायरिंग कर दी। इससे उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। राहगीरों के आने पर आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल को सीएचसी झींझक में भर्ती करवाया। डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि युवक के दाहिने पैर में गोली लगने का घाव प्रतीत हो रहा था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। सीओ डेरापुर धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से रंजिश की बात सामने आई है। मंगलपुर पुलिस को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)