राजपुर। थाना क्षेत्र के सिलहरा में सोमवार रात को एक पशुबाड़े में आग लग गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। तब तक बाड़े में बंधे घोड़े की जलकर मौत हो गई। सिलहरा निवासी कमलेश पाल किसानी के साथ शादी समारोह में दूल्हे के लिए घोड़ा किराये पर देते थे। उन्होंने बताया कि सोमवार रात को वह घोड़ा व बकरियों को घर के बाहर बने बाड़े में बांध कर सोने चला गया। रात 12 बजे के करीब उसके बाड़े में आग लग गई। आग की लपटें उठतीं देख किसान व पड़ोसियों ने सबमर्सिबल पंप की मदद से आग बुझाने के साथ अंदर बंधे जानवरों को बार निकालने का प्रयास किया। आग बुझने तक बाड़े में बंधे घोड़े की मौत हो गई। जबकि एक क्विंटल चना, भूसा, कपड़े, तख्त व अनाज जलकर राख हो गया। एसडीएम सिकंदरा एसएन शुक्ला ने बताया कि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। लेखपाल को क्षति के आंकलन के लिए भेजा गया है।