रेल कर्मियों का प्लेटफार्म पर धरना, दोनों पक्षों ने दी तहरीर
बवाल की सूचना पर नार्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन के शाखा मंत्री विक्रम यादव ने मामले को लेकर नारेबाजी और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। तीन घायल कर्मचारियों और फतेहपुर जीआरपी के जवानों को कानपुर सेंट्रल थाने लाया गया। टीटीई बीके शर्मा ने प्रयागराज जाकर जीआरपी जवानों के खिलाफ मारपीट और कैश, मोबाइल लूटने की तहरीर दी है जबकि कैरिज एंड वैंगन के कर्मियों ने पिटाई की तहरीर कानपुर सेंट्रल जीआरपी को दी है। जीआरपी फतेहपुर के एसओ साहब सिंह ने जीआरपी कानपुर थाने में चेकिंग दल पर पिस्टल और पर्स छीनने व मारपीट की तहरीर दी है।
एसओ जीआरपी लाइन हाजिर, सीओ करेंगी जांच
एसपी रेलवे अष्टभुजा सिंह ने घटना के बाद फतेहपुर जीआरपी थाना प्रभारी साहब सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। जांच प्रयागराज-कानपुर सीओ सुनीता सिंह को सौंप दी। जीआरपी कानपुर सेंट्रल के थाना प्रभारी आरके द्विवेदी ने बताया कि रेल कर्मियों और जीआरपी फतेहपुर के स्टाफ की तरफ से तहरीर मिली है।
कर्मचारियों की हड़ताल से श्रमशक्ति सहित 24 ट्रेनें प्रभावित
कर्मचारियों की हड़ताल से 24 ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। कानपुर से चलने वाली ट्रेनें समय पर नहीं चलीं। प्रयागराज, पूर्वा सहित छह ट्रेनों के प्लेटफार्म बदले गए। प्रयागराज इंटरसिटी, कानपुर-लखनऊ पैसेंजर, वैशाली, बांदा इंटरसिटी सहित छह ट्रेनें प्लेटफार्मों पर खड़ी रहीं। प्लेटफार्म भरे होने पर श्रमशक्ति, डिब्रूगढ़ राजधानी, सियालदह राजधानी समेत 12 ट्रेनें दिल्ली और हावड़ा साइड आउटरों पर रोकनी पड़ीं।
प्रयागराज इंटरसिटी, वैशाली एक्सप्रेस समेत छह ट्रेनें रोकनी पड़ीं। प्रयागराज एक्सप्रेस समेत सात ट्रेनों के प्लेटफार्म बदलने पड़े। पांच ट्रेनों को रोक-रोककर कानपुर लाया गया। एसीएम संतोष त्रिपाठी और आरपीएफ प्रभारी बीपी सिंह मौके पर पहुंचे। दोषियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन देकर हड़ताल खत्म हुई। सुबह 5:42 बजे से सुबह आठ बजे ट्रेनों का संचालन बाधित रहा।
दादानगर से चेन स्नेचर को पकड़ ले जा रही थी जीआरपी
जीआरपी फतेहपुर से चेनस्नैचिंग में वांछित रोहित बाल्मीकि को गिरफ्तार करने फतेहपुर जीआरपी प्रभारी चार जवानों के साथ कानपुर आए थे। शनिवार की रात में टीम ने दादानगर, पनकी में दबिश देकर पकड़ा। उसे पकड़कर जीआरपी फतेहपुर की टीम कानपुर सेंट्रल से उसे ले जा रही थी। आरोपी रोहित वाल्मीकि के खिलाफ जीआरपी प्रयागराज मंडल में 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सेंट्रल स्टेशन पर मारपीट की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। जीआरपी और रेलवे टीम दोनों ही जांच कर रहे हैं, जो दोषी मिलेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। - हिमांशु शेखर उपाध्याय, सीपीआरओ, एनसीआर