कानपुर। प्राइवेट स्कूलों में लगातार अभिभावकों से बच्चों की फीस जमा करने के लिए स्कूल प्रबंधन की तरफ से दिए जा रहे दबाव पर जिलाधिकारी डॉ ब्रह्मदेव राम तिवारी ने सख्त कदम उठाया है।बृहस्पतिवार को इस संबंध में जारी आदेश में जिलाधिकारी ने कहा है कि लाक डाउन के दौरान यदि कोई भी स्कूल प्रबंधन किसी अभिभावक पर दबाव डालकर फीस जमा करने को कहता है तो इसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने ऐसे अभिभावकों से अनुरोध भी किया है जो अपने बच्चों की फीस देने में अभी सक्षम है वह फीस जमा कर सकते हैं। जिससे स्कूल के शिक्षकों और कर्मचारियों को वेतन दिया जा सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अप्रैल मई-जून की फीस किसी भी स्कूल प्रबंधन की तरफ से माफ करने को नहीं कहा गया है, सिर्फ उसे जमा कराने की अवधि आगे बढ़ाने को कहा है।उन्होंने सभी विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित करते हुए कहा कि फीस लेने के संबंध में कोई भी विद्यालय छात्रों को नोटिस नहीं दे। यदि नोटिस देता है तो संज्ञान में लेते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसी भी स्कूल की तरफ से इस लॉक डाउन अवधि में फीस बढ़ोतरी भी न कि जाए।