कानपुर। सीएसजेएमयू के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में सोमवार को गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर समकालीन समय में निर्भीक पत्रकारिता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व विषय पर संगोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि पद्मश्री वरिष्ठ पत्रकार आलोक मेहता ने कहा कि दबाव और जोखिम के बावजूद सच सामने लाना पत्रकार का पहला धर्म है। उन्होंने चारा घोटाले की रिपोर्टिंग के अनुभव साझा करते हुए तथ्यों की पड़ताल और निष्पक्षता पर जोर दिया। वरिष्ठ पत्रकार शैलेश अवस्थी ने कानपुर की जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता की परंपरा पर प्रकाश डाला। विभागाध्यक्ष डॉ. दिवाकर अवस्थी ने सत्यता, तटस्थता और जनसेवा को पत्रकारिता के मूल सिद्धांत बताया। डॉ. ओम शंकर गुप्ता ने डिजिटल दौर में पत्रकारिता की विश्वसनीयता की चुनौतियों पर विचार रखे। संयोजक प्रो. कौशल त्रिपाठी ने अतिथियों का स्वागत किया और संचालन डॉ. योगेंद्र पांडेय ने किया। (संवाद)