कानपुर देहात। शराब के नशे में पत्नी को मारपीट कर मरणासन्न करने व मासूम बेटी को पटक कर मारने वाले आरोपी दीपक को पुलिस ने गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया। चचिया ससुर ने उसके खिलाफ नातिन की हत्या करने व बेटी को गंभीर चोट पहुंचाने का आरोप लगा रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पांच माह की बेटी नाव्या की पटक कर हत्या करने व पत्नी पूजा को मारपीट कर मरणासन्न करने के मामले में आरोपी पति दीपक कमल निवासी चंदकुरा मंगलपुर को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया था। देर शाम को चचिया ससुर किशन कमल निवासी औरंगाबाद भोला हुलास की तहरीर पर पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस गिरफ्त में आने के बाद आरोपी दीपक पुलिस से अपने किए का पछतावा करता रहा। वहीं गिड़गिड़ाते हुए जेल न भेजे जाने की गुहार भी लगाता रहा।
थानाध्यक्ष जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी दीपक को जेल भेजा गया है। पूछताछ में उसने बताया कि पत्नी पूजा के नाम उसके मायके में दो बीघा जमीन थी। जिसे उसके चाचा खेती करते थे। उसी जमीन को वह बेचना चाहता था। जबकि पत्नी जमीन बेचने के लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर उसका बुधवार रात पत्नी से विवाद हुआ। आरोपी को जेल भेजा गया है।
-
यह था मामला...
मंगलपुर थाना के चंदकुरा निवासी दीपक कमल ने बुधवार रात आठ बजे नशे की हालत में घर पहुंच कर पत्नी पूजा की पिटाई के बाद चारपाई पर लेटी पांच माह की मासूम बेटी नाव्या को पटक दिया था। जिससे उसकी मौत हो गई थी। पत्नी का अभी जिला अस्पताल में गंभीर हालत में इलाज चल रहा है।