कल्यानपुर क्षेत्र के चौड़गरा बिंदकी मार्ग पर पहुर मोड़ के समीप रविवार देर रात सड़क हादसा हुआ। धान भरे बोरे लादकर बिंदकी से चौडगरा की ओर जा रही ट्रेलर ट्रक अनियंत्रित होकर चौडगरा की ओर से बिंदकी आ रही कार के ऊपर पलट गई। जिसके चलते कार सवार पंकज कुमार (30) पुत्र विजय बहादुर निवासी ग्राम मुरादपुर कोतवाली बिंदकी तथा धीरू (26) पुत्र रामखेलावन निवासी मोहल्ला बजरिया बड़ा कुआं कस्बा बिंदकी कोतवाली की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि कार सवार जसवंत कुमार (32) पुत्र सिद्धार्थ निवासी मोहल्ला पैगंबरपुर कस्बा बिंदकी गंभीर घायल हो गया। दुर्घटना के बाद हड़कंप मच गया। मौके पर भारी भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। सभी को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी लाया गया। जिसमें चिकित्सक ने पंकज कुमार तथा धीरू को मृत घोषित कर दिया।