फतेहपुर जिले में औंग थाना क्षेत्र के हटिया चौराहे में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर शनिवार रात दो कारों में टक्कर हो गई। अनियंत्रित होकर एक कार आनंद सिंह के मकान में जा भिड़ी। हादसे में कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। बताते चलें कि कानपुर से औंग के दुर्गागंज के बाल गोविंद सोनी कार से घर आ रहे थे।
हटिया चौराहे से कार मोड़ते समय फतेहपुर से कानपुर जा रही कार टकरा गई। बाल गोविंद की कार मकान से जा भिड़ी। बाल गोविंद को गंभीर चोटें आई हैं। परिजन इलाज के लिए कानपुर ले गए हैं। दूसरी कार में लखनऊ में तैनात दरोगा के साथ 3 साथी थे। चारों को मामूली चोट आई है। टकराने के बाद दोनों कार सवारों में मारपीट होने लगी। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। थाना अध्यक्ष वृंदावन राय ने बताया कि मौके पर पुलिस भेजकर दोनों कारों को थाने में खड़ा करा लिया गया है। अभी तक कोई तहरीर देने नहीं आया है। तहरीर के बाद कार्रवाई की जाएगी।